फीफा विश्व कप फुटबॉल का शुभारंभ
शकीरा सहित कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
आज रात साढ़े दस बजे शुरू होगा उद्घाटन समारोह
अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको कर रहा है संयुक्त मेजबानी
फीफा विश्व कप फुटबॉल का आज से शुभारंभ हो रहा है। भारतीय समयानुसार आज रात साढ़े दस बजे इसका पहला उद्घाटन मेक्सिको के मेक्सिको सिटी स्टेडियम में होगा। और उसके बाद पहला मैच मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार तीन देशों के दरम्यान हो रहा है। मेक्सिको में यह विश्व कप 1970 और 1986 में पहले भी आयोजित हो चुका है और अमेरिका में भी 1994 में इसका आयोजन हो चुका है। कनाडा पहली बार इसका आयोजक बना है।
मेक्सिको-कनाडा-अमेरिका इन तीन देशों के कुल सोलह शहरों में ये खेल आयोजित किए जाएंगे। ये मुकाबले 11 जून से 19 जुलाई के दौरान खेले जायेंगे। इस टूर्नामेंट में 12 ग्रुपों में फीफा इतिहास में सबसे अधिक 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले ग्रुप चरण के मैच होंगे और बाद में 32 का नॉकआउट राउंड खेला जाएगा। पूरे विश्व कप के दौरान 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इस ऐतिहासिक विश्व कप का फाइनल मैच 19 जुलाई को अमेरिका के न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस बार के इन विश्वकप मुकाबलों में लियोनेल मेस्सी के नेतृत्व में अर्जेंटीना अपनी ट्रॉफी बरकरार रखने के लिए मैदान में उतरेगा। वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने आखिरी विश्वकप में ट्रॉफी अपने नाम करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगा।

इस विश्व कप के तीनों देशों में अलग-अलग तीन उद्घाटन समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। कनाडा के टोरंटो में 12 जून को भारतीय समानुसार 11 बजे उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें अन्य कलाकारों के साथ नोरा फतेही भी हिस्सा लेंगी। वहीं अमेरिका में उद्घाटन समारोह 13 जून को भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजे लॉस एंजिलिस स्टेडियम में होगा। इस समारोह के बाद अमेरिका और पराग्वे की टीम की भिडंत देखने को मिलेगी।
इरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध की छाया फीफा विश्वकप मुकाबले पर पड़ने की संभावना कम बताई जाती है। हालांकि सोमालिया के एक रेफरी अर्टन को अमेरिका से वापस भेज दिया गया है। वहीं दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार समिति के उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने अमेरिका से अपनी आव्रजन नीति पर पुनर्विचार करने के लिए कहा है, जिससे फीफा विश्वकप को नस्लीय प्रोफाइलिंग, निगरानी और आव्रजन प्रवर्तन से जुड़े मुद्दे प्रभावित नहीं करे।
यह भी पढ़ें






